15 लाख के जेवरात बरामद हिस्ट्रीशीटर
गिरफ्तार वारदात के कुछ दिन था जेल से बाहर आया
पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर चोर को गिरफ्तार कर लिया।
बाड़मेर जिले की सदर पुलिस ने दिनदहाड़े घर से लाखों रुपए के आभूषण चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 189.02 ग्राम सोना और 2 किलो 255 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आभूषण की कीमत करीब 15 लाख रुपए है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि शातिर चोर कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।
दरअसल, रामसर का कुआं निवासी मोमताराम ने सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि 8 अगस्त को दिनदहाड़े उसके घर के ताले तोड़कर चोर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
ऐसे हुआ खुलासा
एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि सदर थानाधिकारी किशनसिंह के नेतृत्व में एसआई बगडुराम ने पुलिस टीम के साथ जांच में जुटे और संभावित स्थानों पर मुखबिर की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों और पहले से चालानशुदा आरोपियों पर निगरानी रखी संदिग्ध युवक व पूर्व में चोरी की वारदातों में लिप्त वीरमाराम पुत्र राणाराम निवासी कानासर शिव पर पुलिस ने नजर रखी। उसको दस्तयाब कर पूछताछ की तो आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। आरोपी वीरमाराम को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चुराए गए आभूषण बरामद कर लिए। सोने के 189.02 ग्राम जेवरात तो उसी तरह मिले लेकिन आरोपी ने 2.255 किलोग्राम चांदी के जेवरात को गलाकर परतनुमा बट्टी बना दी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिए।
एक ही दिन में दो घरों में चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ही दिन में दो घरों में चोरी करना कबूल किया है। रामसर कुआं गांव के अलावा गिड़ा थाना इलाके के कालानाडा झाख गांव में भी चोरी की। पुलिस के अनुसार आरोपी शिव थाने का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी सूने घरों को निशाना बनाता है। इसके खिलाफ इससे पहले कुल 18 मामले दर्ज हैं। इसमें से 17 मामले चोरी के हैं। *First India news*rajasthan news*
