सेब बताकर ले जा रहे थे शराब तलाशी ली तो मिली 301 पेटियां पंजाब से ले जा रहे थे
श्रीगंगानगर में सादुलशहर की पतली चैकपोस्ट के पास पकड़ा शराब लदा ट्रक।
जिले के सादुलशहर इलाके की पतली चैक पोस्ट पर शनिवार को पुलिस ने ट्रक में लदी 301 पेटी शराब पकड़ी। आरोपी यह शराब पंजाब से लाए थे और इसे गुजरात की ओर ले जा रहे थे। पुलिस को मुखबिर के जरिए दो लोगों के पंजाब से गुजरात की तरफ शराब ले जाने की जानकारी मिली थी। ट्रक की तलाशी लेने पर इसमें तिरपाल से ढकी 301 पेटी शराब बरामद हुई।
रोका तो पेश की सेब की बिल्टी
पुलिस को पतली चैक पोस्ट पर शनिवार को एक ट्रक में दो लोगों के शराब ले जाने की सूचना मिली थी। बताया गया ट्रक नजर आने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। ट्रक ड्राइवर ने पुलिस को देखते ही ट्रक को वापस पीछे करके भागना चाहा। इससे पुलिस को उन पर शक हो गया। पुलिस ने लदे माल के डॉक्यूमेंट्स मांगे तो ट्रक ड्राइवर और खलासी ने ट्रक में सेब लदी होने की बात कही। उन्होंने सेब की बिल्टी भी पेश की। आरोपियों ने बताया कि वे हिमाचल से सेब लेकर गुजरात की तरफ जा रहे हैं।
तलाशी ली तो निकली शराब
पुलिस ने तलाशी ली तो ट्रक पर ढके तिरपाल के नीचे शराब नजर आई। इस पर ट्रक को खाली करवाया गया। इसमें शराब की बोतले नजर आने पर दोनों आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई। आरोपियों से शराब के सप्लायर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पतली चैकपोस्ट इंचार्ज चैलसिंह ने बताया कि अभी मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उसके बाद आरोपियों के नाम का खुलासा किया जाएगा।
