हथियार तस्कर गिरफ्तार चार पिस्तौल बरामद हाईवे पर नाकाबंदी देख भागा पुलिस ने पीछा कर दबोचा
पुलिस आरोपी से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है।
बाड़मेर जिले की सदर, ग्रामीण और डीएसटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चार अवैध पिस्तौल, चार मैग्जीन व 12 जिंदा कारतूस बरामद किए है। आरोपी से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर अवैध हथियार बरामद किया।
बुधवार शाम को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ठाकराराम निवासी रामदेरिया अवैध हथियार खरीदकर बेचता है। आज बड़ी संख्या में हथियार लेकर धोरीमन्ना रोड से बाड़मेर शहर की तरफ आ रहा है। इस पर डीएसटी टीम व पुलिस थाना सदर ने नेशनल हाईवे नंबर 68 एक होटल के आगे नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक युवक नाकाबंदी देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करके आरोपी को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम ठाकराराम पुत्र पताराम निवासी रामदेरिया बताया। उसके थैले की तलाशी ली गई तो उसमें चार अवैध पिस्तौल, चार मैग्जीन और 12 जिंदा कारतूस बरामद मिले।
सदर थानाधिकारी रावताराम के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अवैध हथियार को लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस टीम ने कार्रवाई
अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई डीएसटी प्रभारी अमीन खान, हेड कॉन्स्टेबल गुलाब खान, कॉन्स्टेबल किशोर कुमार, शिवरतन, सदर थाने के हेड कॉन्स्टेबल केसराराम, कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार, शंकरसिंह और ग्रामीण थाने के कॉन्स्टेबल जसवंत और प्रेम कुमार की टीम ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
