अवैध शराब से भरी पिकअप जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार एस्कॉर्ट कर रही कार को भी पकड़ा कोर्ट ने दो दिन के रिमांड पर सौंपा
सिरोही सदर पुलिस ने शनिवार को एक पिकअप से 195 कार्टन अवैध शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सिरोही सदर पुलिस ने शनिवार को एक पिकअप से 195 कार्टन अवैध शराब जब्त की है। इसके साथ ही पिकअप और उसको एस्कॉर्ट कर रही कार जब्त कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। सदर पुलिस की 2 दिन में यह दूसरी कार्रवाई है।
सदर थानाधिकारी सीआई सहदेव चौधरी ने दल सहित सिंदरथ सरहद पर नाकाबंदी के दौरान सिरोही की तरफ से आ रही पिकअप को रुकवा कर जांच की। जांच के दौरान पिकअप में पुलिस को 195 कार्टन शराब के मिले। पुलिस ने शराब सहित पिकअप जब्त कर ली और वाहन ड्राइवर कुडछी गांव पुलिस थाना खींवसर जिला नागौर निवासी अशोक कुमार पुत्र जगदीश बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया।
इसके साथ ही अवैध रूप से शराब भर कर ले जा रही पिकअप को एस्कॉर्ट कर रही कार को भी पुलिस ने जब्त कर वाहन ड्राइवर फोगेरा पुलिस थाना गिराब जिला बाड़मेर, हाल निवासी चुली और पालड़ी एम थाना क्षेत्र के निवासी शैतान सिंह पुत्र तन सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। सदर पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार देर शाम को कोर्ट में पेश किया। वहां से दोनों को दो दिन के लिए पुलिस अभिरक्षा में भेजा है।
गौरतलब हैं कि 2 दिन पूर्व ही सदर थाना पुलिस ने अवैध रूप से कार में ले जाई जा रही देसी शराब एवं बियर के 11 कार्टन जब्त कर सिरोड़ी निवासी बशीर खान को गिरफ्तार किया था। पुलिस की कार्रवाई में सीआई सहदेव चौधरी के साथ हेड कॉन्स्टेबल रमेश दान, कॉन्स्टेबल रंजीत और चोखाराम मौजूद रहे।
