सांचौर में स्कूल बस पलटी, 21 बच्चे घायल: जलजीवन मिशन के लिए खोदी थी नाली, टायर धंसने से हादसा
हिडवाड़ा से स्कूली बच्चों को आमली लेकर जा रही निजी स्कूल की बस पलटने से 21 स्कूली छात्र-छात्राएं घायल हो गए। जिनको सांचौर के राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार आमली में निजी स्कूल खेतेश्वर बाल विद्या मंदिर की बस सुबह हिडवाड़ा में स्कूली बच्चों को लेने के लिए गई। वापस आते समय बीच रास्ते में स्कूल से पहले आमली के पास में सामने से आ रही गाड़ी को साइड देने के बाद बस को वापस सड़क पर लेते समय सड़क के पास में ही जलजीवन मिशन के तहत खोदी गई खाई में बस का टायर धंसने से बस का संतुलन बिगड़ गया। जिससे बस पलटी खा गई।
बस में 40 से अधिक स्कूली बच्चे शामिल थे। जिनमें से 21 बच्चों को चोट आई है। वही घटना की जानकारी के बाद स्कूली बच्चों को अन्य वाहन से सांचौर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता दानाराम चौधरी भी निजी अस्पताल पहुंचे और घायल हुए स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
बस में अशोक डड्डुसन, पायल हिडवाड़ा, पूजा हिडवाड़ा, हार्दिक हिडवाड़ा, विष्णु हिडवाड़ा, ओमप्रकाश हाड़ेचा, अरविंद हिडवाड़ा, विष्णु आमली, किशन हिडवाड़ा, निभाया काछेला निकुल हिडवाड़ा, खुशाल हाड़ेचा, विक्रम हिडवाड़ा, देवा हिडवाड़ा को सांचौर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वही अन्य बच्चों को अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी.

