8 लाख की ऑनलाइन ठगी का पर्दाफाश पीड़ित के खाते में वापस जमा कराई राशि साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस की करवाई
साइबर पुलिस ने 8 लाख 63,600 रुपए की ऑनलाइन ठगी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया।
साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में पीड़ित से ठगी गई 8 लाख 63,600 रुपए की राशि उसके खाते में रिफंड करा कर ठगी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सैकड़ों लोगों से करीब एक करोड़ रुपए की ठगी करने का विवरण मिला है।
जानकारी के अनुसार जावाल निवासी कैलाश कुमार ने सिरोही साइबर पुलिस थाने में 6 जून को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि टेलीग्राम एप के जरिए किसी ठग ने उसे घर बैठे काम करने के बदले अच्छा मुनाफा देने का लालच दिया था। शुरुआत में ठग ने यूट्यूब पर वीडियो को सब्सक्राइब करना और अलग-अलग टेस्ट देकर उसको पूरा करने के काम के बदले उसके खाते में कुछ पैसे जमा करा कर उसे विश्वास में लिया। उसके बाद ठग ने उससे क्रिप्टो में निवेश करने का झांसा देकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 8,63,600 रुपए की ऑनलाइन ठगी की। साइबर पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ ही कार्रवाई करते हुए संबंधित पेमेंट गेटवे नोडल ऑफिसर और बैंक अधिकारियों से संपर्क कर ऑनलाइन ठगी की राशि 8,63,600 को होल्ड करवाया बाद में थाने में गठित टीम ने कड़ी से कड़ी जोड़कर दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
साइबर थाने के डीएसपी किशनसिंह चौहान ने बताया कि साइबर क्राइम वडोदरा में 15 लाख, लखनऊ के हिंडोला में 11 लाख की धोखाधड़ी करने सहित 100 से अधिक शिकायत और राज्यों से उक्त खाते में धोखाधड़ी की राशि फ्रीज करवाने के लिए ईमेल बैंकों को मिल चुके है। कार्रवाई में एसपी के निर्देश पर गठित की गई टीम में सीआई हरचंद राम, हेड कॉन्स्टेबल पारस कुमार, कॉन्स्टेबल रमेश कुमार, जगदीश कुमार, अशोक कुमार, अमित कुमार चरखाराम, राजेंद्र पाल सिंह शामिल रहे जबकि विशेष भूमिका कॉन्स्टेबल रमेश कुमार की रही । उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर या हेल्पलाइन 1930 पर अथवा पुलिस थाने में समय पर रिपोर्ट दर्ज करवा दें। #sirohi news#
