मध्यप्रदेश से लेकर आते नशीले पदार्थों की
खेप पुलिस से बचने एस्कॉर्ट करती थी कार नाकाबंदी के दौरान भागे तो पकड़ा
गिरफ्तार आरोपी मुकेश के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है
जोधपुर की बासनी थाना पुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर भाग रही कार को पकड़ा है जिससे डोडा पोस्त बरामद किया गया है। एस्कॉर्ट कर रही एक अन्य कार को भी जब्त कर तस्कर और साथी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने कार से 12 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। वहीं हरियाणा और गुजरात के नंबरों की कई नंबर प्लेट में जब्त की गई है। पुलिस अब दोनों से डोडा पोस्त की तस्करी के संबंध में पूछताछ कर रही है।
बासनी थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया- गुरुवार
देर रात दाऊजी की होटल से डीजल से रोड पर
नाकाबंदी करवाकर चेकिंग की जा रही थी इसी दौरान
एक कार तेज स्पीड में निकलने लगी। पुलिस ने रुकवाने
का प्रयास किया तो चालक तेजी से कार को भगाकर ले
गया। भागने के दौरान चालक ने एक बोलेरो पिकअप को भी टक्कर मार दी जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
कुछ ही देर में हादसे का पता लगने पर कार को एस्कॉर्ट कर रही एक अन्य कार में सवार युवक वहां पर पहुंचा। इधर पीछा कर रहे एएसआई जेठाराम और अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे पुलिस को देखकर दोनों कार के चालक भागने लगे लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर मुकेश और आरोपी दीपक को पकड़ लिया।
मौके पर तलाशी के दौरान कार से 12.124 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर डीडवाना कुचामन जिले के लाडनूं थाना क्षेत्र के सिवा हाल लाडनूं निवासी मुकेश (24) पुत्र नेमाराम चौधरी, डूंगरगढ़ बीकानेर निवासी दीपकसिंह (20) पुत्र गंगा सिंह खींची को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मुकेश चौधरी एनडीपीएस एक्ट के मामले में मध्य प्रदेश की नीमच जेल में बंद था। पैरोल पर छूटने के बाद पिछले 1 साल से फरार चल रहा था। आरोपी मुकेश के खिलाफ डकैती और एमपी के नीमच जिले में जावद सहित जोधपुर ग्रामीण के खेड़ापा थाने में नशीले पदार्थ तस्करी के दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी नशे की तस्करी के दौरान अपने साथी दीपक सिंह से अन्य कार से एस्कॉर्ट भी करवाता है। पुलिस अब अवैध नशीले पदार्थ खरीद के संबंध में पूछताछ कर रही है।
