एक करोड़ रुपए का डोडा पोस्त से भरा टैंकर पकड़ा: केमिकल की आड़ में जोधपुर करने वाला था सप्लाई, ड्राइवर गिरफ्तार
आबकारी विभाग की गिरफ्त में तस्करी के आरोपी
पाली आबकारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1867 किलो 307 ग्राम डोडा पोस्त से भरा टैंकर जब्त किया। जब्त डोडा पोस्त की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी केमिकल की आड़ में टैंकर में डोडा-पोस्त भरकर जोधपुर की तरफ जा रहा था।
सहायक आबकारी अधिकारी पानी विकास बीठू ने बताया कि आबकारी थाना जैतारण की टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह NH 25 पर नाकाबंदी की। इस दौरान ब्यावर की तरफ से आ रहे संदिग्ध टैंकर को रोका। पूछताछ में ड्राइवर रामाराम ने बताया कि इसमें केमिकल है और जोधपुर लेकर जा रहा है
पुलिस ने टैंकर की तलाशी ली तो उसमें 92 प्लास्टिक के कट्टों में 1867 किलो 307 ग्राम डोडा पोस्त भरा मिला। जिसे जब्त कर बाड़मेर जिले के सैतराऊ ( रामसर) निवासी 20 साल के आरोपी रामाराम पुत्र भलाराम जाट को गिरफ्तार किया। आरोपी यह डोडा पोस्त कहां से लेकर आया और जोधपुर जिले में कहां सप्लाई करने जा रहा था इसको लेकर पूछताछ जारी है
आबकारी थाना जैतारण में रखा गया जब्त किया गया डोडा पोस्त
बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए जिला आबकारी अधिकारी विनोद वैष्णव ने बताया कि पकड़े गए डोडा-पोस्त की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है। बाजार में अवैध रूप से डोडा-पोस्त 5-6 हजार रुपए किलो में बिकता है। चुनावी सीजन को लेकर आरोपी बड़ी मात्रा में नशे की खेम जोधपुर की और ले जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर आबकारी थाना जैतारण के पेट्रोलिंग ऑफिसर सुरेन्द्र सिंह मयजाप्ता ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई में लगा एक दिन पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 9 बजे टैंकर जब्त करने की कार्रवाई की। टैंकर से डोडा पोस्त अनलोड करवाने में और उसको तोलने सहित अन्य कार्रवाई में आबकारी पुलिस को एक दिन से ज्यादा समय लग गया

