बालोतरा में तीन महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार चोरी की कार से डोडा परिवहन की तस्करी कर रहा था बाइक सवार को भी मारी थी टक्कर
बालोतरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त चोरी की कार से एक बाइक को टक्कर मारने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 3 महीने पहले सिवाना थाना क्षेत्र के जीनपुर गांव में कार को तेज गति से चलाते हुए एक बाइक को टक्कर मारी थी। इससे बाइक सवार युवक घायल हो गया। इसके बाद आरोपी कार को मौके पर छोड़ फरार हो गया।
मामले की सूचना पर पुलिस ने कार को मौके से ही जब्त कर लिया था। साथ ही मामले की जांच बालोतरा थानाधिकारी उगमराज सोनी को सौंपी गई थी।
जांच में अधिकारी ने आरोपी भजनलाल पुत्र मगाराम बिश्नोई निवासी कातरला, सुदाबेरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में भजनलाल ने बताया कि वो चोरी की कार को मादक पदार्थों की तस्करी में उपयोग में ले रहा था। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गई थी।
पिछले लंबे समय से मादक पदार्थों का तस्कर
मिली जानकारी के अनुसार पिछले लंबे समय से आरोपी भजनलाल अवैध मादक पदार्थों का व्यापार कर रहा है। आरोपी डोडा पोस्ट और अफीम का काम करता है। जिसे पकड़ने में बालोतरा पुलिस ने सफलता हासिल की है #Balotara News#
