ड्रग्स हथियार तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार पुलिस ने धोरों में पीछा कर पकड़ा पिस्तौल जब्त अलग-अलग थानों में 11 मामले दर्ज
फिलहाल पुलिस कड़ी से कड़ी मिलाकर अवैध हथियार गिरोह का खुलासा करने में जुटी है।
बाड़मेर जिले की आरजीटी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 1 देशी पिस्टल जब्त की है। तस्कर नगर गांव में अवैध हथियार की सप्लाई करने जा रहा था। पूछताछ में सामने आया है कि हथियार मध्यप्रदेश से खरीद कर लाया। इसके खिलाफ मादक पदार्थ एवं हथियार के 11 मामले दर्ज है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध हथियार तस्कर नगर इलाके में अवैध हथियार लेकर मेगा हाइवे के रास्ते जा रहा है। पुलिस ने सूचना पर नगर गांव में नाकाबंदी की। रावली नाडी की तरफ से पैदल-पैदल आ रहे व्यक्ति ने पुलिस टीम को देखकर रेतीले धोरों की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने इसका पीछा करके पकड़ लिया नाम व पता पूछा तो नाम देवीलाल उर्फ देवाराम पुत्र किशनाराम निवासी रावली नाडी बताया। देवाराम की तलाशी लेने पर उसके पास अवैध एक देशी पिस्टल मिली इससे पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस पर पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया।
आरजीटी थानाधिकारी इमरान खान के मुताबिक आरोपी देवीलाल उर्फ देवाराम के खिलाफ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में बताया कि हथियार मध्यप्रदेश से खरीदना बताया है। इस संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपी अवैध मादक पदार्थ एवं हथियारों का तस्कर है।
आरोपी के खिलाफ 11 मामले दर्ज
पुलिस पूछताछ व जांच में सामने आया है कि आरोपी देवाराम के खिलाफ मादक पदार्थ एवं हथियार और मारपीट के 11 मामले अलग-अलग थानों में दर्ज है। रागेश्वरी थाने में 1, सदर थाने में 2, चौहटन में 1, धोरीमन्ना थाने में 1 सिणधरी थाने में 2, सांचौर थाने में 4 मामले दर्ज है।
