50 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार पुलिस को देखकर भागने लगा एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने अनूपगढ़ जिले के युवक को 50 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
पीलीबंगा थाना पुलिस ने अनूपगढ़ जिले के युवक को 50 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में पीलीबंगा पुलिस थाने में मामला दर्ज हुआ है। मामले की जांच रावतसर पुलिस कर रही है।
पीलीबंगा पुलिस थाना प्रभारी विक्रम चौहान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम सोमवार शाम को गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम डींगा से भागसर रोड पर रोही डींगा में पहुंची तो पुलिस को देखकर एक युवक घबरा गया। शक होने पर पुलिस टीम ने युवक को दबोचकर उसकी तलाशी ली तो उसके पास 50 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने हेरोइन बरामद कर मौके से युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान कालूसिंह उर्फ कुलदीप (28) पुत्र संतासिंह रायसिख निवासी दो बीडब्ल्यूएसएम बारूवाला ग्राम पंचायत 75 एनपी तहसील रायसिंहनगर पीएस समेजा कोठी जिला अनूपगढ़ के रूप में हुई। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच रावतसर पुलिस थाने के एसआई रमेश पन्नू को सौंपी गई है।
